17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, 25 सितम्बर को होगा राष्ट्रव्यापी श्रमदान
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
समाहरणालय सभागार में सोमवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। बैठक में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान की रूपरेखा एवं तिथिवार गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष अभियान का थीम “स्वच्छोत्सव” निर्धारित किया गया है।

अभियान के अंतर्गत गाँव से लेकर नगर स्तर तक स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि 25 सितम्बर को “राष्ट्रव्यापी स्वच्छता श्रमदान – एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर “स्वच्छ भारत दिवस” मनाया जाएगा।
कार्यक्रमों के तहत प्रमुख इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सफाई मित्रों के लिए विशेष सुरक्षा शिविर, “स्वच्छ हरित उत्सव”, “सुजल स्वच्छ गाँव”, कचरे से कला निर्माण, तथा “स्वच्छ स्ट्रीट फूड” जैसे विशेष आयोजन किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य न केवल स्वच्छता को जन आंदोलन के रूप में बढ़ावा देना है, बल्कि आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी है।

बैठक में नगर परिषद साहेबगंज के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, जेएसएलपीएस के डीपीएम मतीन तारीक, पंचायती राज पदाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अभियंता, समन्वयक एवं प्रखंड वॉश समन्वयक उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अभियान की सफलता के लिए अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
