गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की 25वीं वर्षगांठ को विशेष रूप से मनाने के उद्देश्य से आगामी 11 नवम्बर 2025 को साहिबगंज में “रन फॉर झारखंड” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, साहिबगंज के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसकी शुरुआत सुबह 7:00 बजे साक्षरता चौक से होगी और समापन सिदो-कान्हू स्टेडियम में किया जाएगा।
रन फॉर झारखंड को सफल बनाने के लिए हुई तैयारी बैठक
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय (डीएसओ), साहिबगंज में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने की।
बैठक में “रन फॉर झारखंड” आयोजन की विस्तृत तैयारियों पर चर्चा की गई तथा विभिन्न उप-समितियों का गठन कर सभी सदस्यों को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।

पुरस्कार एवं भागीदारी को लेकर लिए गए निर्णय
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि “रन फॉर झारखंड” में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग वर्गों में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
साथ ही, जिले के सभी नागरिकों, सरकारी पदाधिकारियों, कर्मियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, खेल संघों, एनएसएस, एनसीसी, एनवाईके आदि से अधिक से अधिक भागीदारी करने का आग्रह किया गया है।
मार्ग और समय निर्धारण
यह दौड़ साक्षरता चौक से प्रारंभ होकर नेताजी सुभाष चौक, पुलिस लाइन, समाहरणालय रोड, गंगा बिहार पार्क होते हुए सिदो-कान्हू स्टेडियम तक संपन्न होगी। दौड़ का समापन समारोह स्टेडियम परिसर में होगा, जहां विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में जिला खेल कार्यालय के गौतम झा, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, जिला टूरिज्म स्पेशलिस्ट गौरव प्रियदर्शी, प्रशिक्षक योगेश यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जानकारी हेतु संपर्क
कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी से दूरभाष संख्या – 8409393082 पर संपर्क किया जा सकता है।
