परंपरागत माटी शिल्पकारों को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज के प्रांगण में शनिवार को झारखण्ड माटीकला बोर्ड, राँची एवं मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में माटीकला विद्युत चाक वितरण कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक रमाकांत चतुर्वेदी ने की।
इस अवसर पर जिले के 40 चयनित माटी शिल्पकार लाभुकों के बीच 90 प्रतिशत अनुदान पर अत्याधुनिक विद्युत चाक का वितरण किया गया।

महाप्रबंधक रमाकांत चतुर्वेदी ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि “माटीकला योजना का मूल उद्देश्य परंपरागत माटी शिल्पकारों को आधुनिक तकनीकी साधन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी उत्पादन क्षमता सुदृढ़ हो और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। सरकार की इस पहल से शिल्पकारों को स्वरोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”
उन्होंने कहा कि पारंपरिक हुनर और आधुनिक तकनीक के मेल से न केवल शिल्पकारों का जीवन स्तर सुधरेगा बल्कि साहिबगंज जिले की सांस्कृतिक और आर्थिक धरोहर को भी नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर जिला उद्यमी समन्वयक देवव्रत कुमार ने कहा कि “माटीकला योजना न केवल परंपरागत कारीगरों को तकनीकी रूप से सशक्त बना रही है बल्कि उन्हें सम्मानजनक आजीविका का अवसर भी प्रदान कर रही है। विद्युत चाक वितरण से शिल्पकारों का परिश्रम कम होगा, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और वे बाजार की मांग को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगे।”
उन्होंने कहा कि यह प्रयास जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और ग्रामीण कारीगरों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में जिला उद्यमी समन्वयक देवव्रत कुमार के साथ सभी प्रखंड उद्यमी समन्वयक गौरी शंकर, उदय कुमार, कन्हैया कुमार, मोहिबुर रहमान और रश्मि कुमारी, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, साहिबगंज के प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में माटी शिल्पकार लाभुक उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम का संचालन सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया। जिला उद्योग केन्द्र साहिबगंज के इस सराहनीय प्रयास से जिले के पारंपरिक माटीकला व्यवसाय को नई पहचान मिलने की संभावना है। इसके साथ ही स्थानीय कारीगरों की आजीविका सुदृढ़ होगी और साहिबगंज जिले के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
साहिबगंज में माटीकला विद्युत चाक वितरण कार्यक्रम सम्पन्न
परंपरागत माटी शिल्पकारों को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

