आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जनजातीय समाज को सशक्त बनाने की पहल
गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़ ।
पाकुड़ जिला अंतर्गत आंकाक्षी प्रखंड लिट्टीपाड़ा के कुंजबोना एवं सोनाधनी पंचायत क्षेत्र के ग्राम डांगापाड़ा और मुकरी में रविवार को “आदि सेवा केन्द्र” का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री संजय कुमार एवं पंचायत मुखिया श्रीमती सबीना मालतो ने संयुक्त रूप से किया।

इन सेवा केन्द्रों की स्थापना “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और विकास की मुख्यधारा से हर ग्रामीण को जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को “आदि शपथ” और “स्वच्छता शपथ” भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी श्री के.सी. दास, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक, जल सहिया, स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियाँ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बीडीओ श्री संजय कुमार ने उद्घाटन समारोह में कहा—
“आदि सेवा केन्द्र जनजातीय समाज को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन केन्द्रों के माध्यम से ग्रामीण आसानी से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उनके लाभ से वंचित नहीं रहेंगे। हमारा प्रयास है कि हर जरूरतमंद तक सुविधा पहुँचाई जा सके और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सीधा ग्रामीण स्तर तक पहुँचे।”
पंचायत मुखिया श्रीमती सबीना मालतो ने कहा कि ये सेवा केन्द्र ग्रामीणों के लिए सहारा साबित होंगे और महिलाओं एवं युवाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने में मददगार होंगे।
ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया और आशा जताई कि “आदि सेवा केन्द्र” उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
