संवेदनशील क्षेत्रों में होगी विशेष निगरानी, आपत्तिजनक गाने बजाने पर रहेगी रोक, प्रशासन ने की विस्तृत तैयारियाँ
गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़ ।
दुर्गापूजा पर्व के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में रविवार को रविन्द्र भवन टाउन हॉल में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ), अंचल अधिकारियों (सीओ) तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि “जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि दुर्गापूजा का पर्व सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। इसके लिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सतत गश्ती और निगरानी सुनिश्चित करें।”

मुख्य निर्देश और तैयारियाँ
सभी बीडीओ/सीओ एवं थाना प्रभारी अलर्ट मोड में रहेंगे।
संवेदनशील व अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी, आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरा व ड्रोन निगरानी की जाएगी।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाएगी। किसी भी अफवाह पर तुरंत कार्रवाई होगी।
किसी भी तरह के आपत्तिजनक या अश्लील गानों के बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
सभी दुर्गापूजा पंडालों की वीडियोग्राफी की जाएगी।
विसर्जन जुलूस केवल निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे, किसी तरह का बदलाव मान्य नहीं होगा।
विसर्जन घाटों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी नियमित रूप से अपडेट कंट्रोल रूम को देंगे।
सभी जुलूसों में मेडिकल किट उपलब्ध रहेगी।
अग्निशमन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है, आवश्यकतानुसार अग्निशमन वाहन व एंबुलेंस की तैनाती होगी।
जिला नियंत्रण कक्ष (Control Room) 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

पूजा समितियों से समन्वय
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को दुर्गापूजा समितियों के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित करने, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समितियों के बीच आपसी सहयोग से ही पर्व का आयोजन सफल होगा।

संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत अपने वरीय पदाधिकारी तथा कंट्रोल रूम को दी जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों में सभी पदाधिकारी पूर्व में भी अपनी प्रतिबद्धता व क्षमता दिखा चुके हैं। “पूरा प्रशासन आपके साथ है, केवल आवश्यकता है कि प्रतिनियुक्त बल ऊर्जा और सजगता बनाए रखें,” उपायुक्त ने कहा।
लोगों से अपील
अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन का सहयोग करें और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गापूजा का पर्व मनाएँ।

