उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक
गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़ ।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की प्रगति की समीक्षा एवं आगामी 2 अक्टूबर को जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले विशेष ग्राम सभा की तैयारियों को लेकर रविवार को जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्री महेश कुमार संथालिया ने की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई, जिसमें सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), प्रखंड समन्वयक तथा खराब प्रगति दर्ज करने वाले 40 पंचायतों के पंचायत सचिव शामिल हुए।

बैठक के दौरान डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत तृतीय किस्त का भुगतान मिलने के बावजूद जिन लाभुकों के मकान अधूरे हैं, उन्हें हर हाल में शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि समय सीमा का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित पंचायत सचिवों पर जवाबदेही तय की जाएगी।
श्री संथालिया ने कहा, “प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। इस योजना का लाभ हर पात्र लाभुक तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसलिए सभी प्रखंड और पंचायत स्तर के पदाधिकारी कार्य में तेजी लाकर आवासों को समय पर पूर्ण कराएं।”
बैठक में डीडीसी ने आगामी 2 अक्टूबर को सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले विशेष ग्राम सभा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन ग्राम सभाओं में योजना संबंधी जानकारी का व्यापक प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभांवित हो सकें। साथ ही, ग्राम सभा में जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीडीसी ने अधिकारियों से कहा कि विशेष ग्राम सभा का आयोजन पारदर्शी, जनसमावेशी एवं प्रभावी ढंग से किया जाए ताकि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति धरातल पर और तेज़ी से दिखाई दे।
