गंगा विहार पार्क सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर चला स्वच्छता अभियान, शपथ के साथ हुआ शुभारंभ
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
देशभर में चल रहे “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत जिले में आज स्वैच्छिक श्रमदान का भव्य आयोजन किया गया। गंगा विहार पार्क सहित नगर क्षेत्र के कई स्थलों पर सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर जिला गंगा समिति, नगर परिषद् के कर्मी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, जल सहिया एवं स्वयंसेवक सक्रिय रूप से शामिल हुए और स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।

सामूहिक शपथ से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वच्छता शपथ लेने के साथ हुई। इसके उपरांत गंगा विहार पार्क और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने गंदगी हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ पौधारोपण भी किया, ताकि हरियाली बढ़े और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुँचे।

विद्यालयों में भी जागरूकता गतिविधियाँ
अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्रों ने स्वच्छता विषयक प्रश्नोत्तरी (क्विज़) एवं चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और विचार प्रस्तुत किए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
प्रशासन व नागरिकों की सहभागिता
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जनआंदोलन के रूप में अपनाना होगा। जब समाज के सभी वर्ग एक साथ मिलकर प्रयास करेंगे तभी स्वच्छ भारत का सपना साकार होगा।

