गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को प्रोजेक्ट समावेश के तहत ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने की।
बैठक में नेशनल पोर्टल फॉर ट्रांसजेंडर पर्सन पर प्राप्त कुल 08 आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें से 02 आवेदकों द्वारा विहित पत्र-2 में आवश्यक घोषणा पत्र/शपथ पत्र अपलोड नहीं किए जाने के कारण, सर्वसम्मति से उनके आवेदन को अस्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। वहीं, शेष 06 आवेदकों ने सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। इस पर सर्वसम्मति से उनके आवेदन को स्वीकृत/अनुशंसित करते हुए ट्रांसजेंडर सर्टिफिकेट एवं आईडेंटिटी कार्ड निर्गत करने का निर्णय लिया गया।

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने बैठक के दौरान कहा कि प्रोजेक्ट समावेश के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को निर्देश दिया कि जिला अंतर्गत शेष बचे ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को जागरूक किया जाए और उन्हें दिनांक 20 सितंबर तक नेशनल पोर्टल के माध्यम से ट्रांसजेंडर सर्टिफिकेट एवं आईडेंटिटी कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल के सदस्य उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी से अपील की कि अधिक से अधिक ट्रांसजेंडर व्यक्ति इस योजना का लाभ उठाएं, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा में समान अधिकार और सम्मान के साथ स्थान मिल सके।

